home page

पुलिसिंग के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहना जरूरी: एसपी

 | 
पुलिसिंग के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहना जरूरी: एसपी


पुलिसिंग के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहना जरूरी: एसपी


देवरिया, 08 मई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जवानों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहने के लिए प्रेरित करते हुए दौड़ भी लगवाई। टोलीवार ड्रिल कराकर अनुशासन और एकरूपता का अभ्यास कराया।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मियों से कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत रहना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सभी पुलिसकर्मियों की दौड़ लगवाई गई, जिससे उनमें ऊर्जा और सक्रियता बनी रहे। सामूहिक समन्वय और अनुशासन बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल भी कराई गई। एसपी ने जवानों को निर्देशित किया कि नियमित अभ्यास और अनुशासित दिनचर्या से ही बेहतर कार्य क्षमता विकसित होती है।

परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन परिसर स्थित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने क्वार्टर गार्द, एमटी शाखा, यूपी-112 पीआरवी, मनोरंजन कक्ष, जिला मेस, स्टोर तथा आरटीसी मेस का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यूपी-112 पीआरवी में मौजूद दंगा नियंत्रण उपकरणों, फर्स्ट ऐड किट तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की गहन जांच की गई।

एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी उपकरणों की नियमित साफ-सफाई, समुचित देखरेख तथा समय-समय पर उनकी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि आपात स्थिति में उनका प्रभावी उपयोग किया जा सके। उन्होंने उपकरणों के कुशल संचालन पर भी विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान गार्द कमांडरों एवं विभिन्न शाखाओं के रजिस्टरों और अभिलेखों का भी अवलोकन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने समस्त रजिस्टरों को व्यवस्थित रखने और अभिलेखों को अद्यावधिक बनाए रखने के निर्देश दिए। -----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक