दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूर्ण होने पर 17 काे मनेगा 'दुग्ध स्वर्ण महोत्सव'
—गोमती नगर लखनऊ में कार्यक्रम, प्रदेश के सभी जिलों में होगा ऑनलाइन प्रसारण
वाराणसी, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग के स्थापना के पचास वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार ( 17 अप्रैल ) को 'दुग्ध स्वर्ण महोत्सव' का आयोजन किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित मार्स हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में होगा। इसमें प्रदेश के दुग्ध विकास, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह,अपर मुख्य सचिव, पशुधन, मत्स्य एवं दुग्ध विकास मुकेश कुमार मेश्राम, दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के. भी शामिल होगी। गुरूवार को क्षेत्रीय दुग्धशाला विकास अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव में विभिन्न माध्यमों के जरिए प्रदेश के 10 हजार पशुपालक,दुग्ध उत्पादक एवं निवेशक भी प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम में विभाग के क्रिया-कलापों व योजनाओं को भी बताया जाएगा। इसके अतिरिक्त अतिरिक्त वेब कास्टिंग के माध्यम से प्रदेश के समस्त जनपदों के साथ-साथ देश-विदेश के लाखों गौ-पालक,निवेशकों को भी जोड़ा जायेगा।
इसमें विभिन्न योजनाओं में उत्कृष्ट उपलब्धि अर्जित करने वाले पशुपालकों,निवेशकों को सम्मानित व पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में निजी क्षेत्र के निवेशक अपने स्टॉल/कियोस्क के माध्यम दुग्ध उत्पाद,नवाचार का प्रदर्शन करेंगे। डेयरी क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए नवीनतम प्रौद्योगिकी, स्वदेशी नस्ल के गौ पालन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण पर विचार विमर्श एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियाँ विषय विशेषज्ञ साझा करेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में स्वदेशी व्यंजनों का फूड कोर्ट भी लगाया जायेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

