home page

गाजियाबाद में भारी बारिश के अलर्ट के चलते सभी बोर्ड के स्कूल शुक्रवार को रहेंगे बंद

 | 
गाजियाबाद में भारी बारिश के अलर्ट के चलते सभी बोर्ड के स्कूल शुक्रवार को रहेंगे बंद


गाजियाबाद, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग की गंभीर चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। गाजियाबाद के जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने 10 जुलाई 2026 को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। यह आदेश नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू होगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मौसम विभाग ने 10 जुलाई 2026 के लिए गाजियाबाद जनपद में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और जल-जमाव की स्थिति बनी हुई है, जिससे बच्चों के लिए सुरक्षित विद्यालय संचालन में बाधा आ सकती थी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाल सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यह कदम उठाया गया है। यह आदेश जिले में संचालित होने वाले समस्त परिषदीय (सरकारी), मान्यता प्राप्त, प्राइवेट, अशासकीय सहायता प्राप्त और सीबीएसई, आईसीएसई व उत्तर प्रदेश बोर्ड सहित अन्य सभी बोर्डों से संबद्ध स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सख्त हिदायत दी है कि सभी स्कूल संचालक और हितधारक इस सरकारी आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी