home page

नहर में नहाने गए तीन दोस्तों में से एक डूबा, गोताखोर तलाश में जुटे

 | 
नहर में नहाने गए तीन दोस्तों में से एक डूबा, गोताखोर तलाश में जुटे


औरैया, 15 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में थाना बेला क्षेत्र के गांव याकूबपुर से निकली नहर में रविवार दोपहर दोस्तों के साथ नहाने गया एक व्यक्ति डूब गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कर दी गई।

जानकारी के अनुसार विदान बंगाली (45), शेखर और विवेक निवासी बंगाली कॉलोनी महेंद्र नगर, थाना रसूलाबाद, जिला कानपुर देहात मोटरसाइकिल से याकूबपुर नहर पर नहाने के लिए आज पहुंचे। बताया जा रहा है कि तीनों लोग डमरपुर झाल के पास नहर में नहा रहे थे, तभी अचानक विदान बंगाली गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। उनके साथ मौजूद शेखर और विवेक किसी तरह नहर से बाहर निकल आए और विदान नहर के पानी में लापता हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना बेला पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू कराई गई। देर शाम तक गोताखोरों को बुलाकर नहर में डूबे व्यक्ति की तलाश जारी रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका था।

थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि गोताखोरों की मदद से लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है और लापता व्यक्ति को खोजने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार