पूरनपुर में अंडरपास निर्माण की मांग, डीआरएम वाराणसी ने किया स्थलीय निरीक्षण
जौनपुर,13 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में चंदवक थाना अंतर्गत औड़िहार-जौनपुर रेल प्रखंड के पूरनपुर गांव के सामने बंद किए गए रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वाराणसी ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर नाप-जोख भी की।पूर्वांचल किसान संगठन के नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीआरएम से स्थल का निरीक्षण करने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि पूरनपुर, कैथौली, लोकपट्टी, बगेरवा समेत दर्जनों गांवों की हजारों की आबादी वर्षों से इस मार्ग का उपयोग आवागमन के लिए करती रही है। करीब पांच माह पूर्व रेलवे विभाग द्वारा लोहे का गार्डर लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।किसान नेता अजीत ने बताया कि इस मार्ग को जोड़ने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा पक्की सड़क का भी निर्माण कराया गया है। रास्ता बंद होने के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है और पूर्व में किसानों ने प्रदर्शन भी किया था। मामले का संज्ञान लेते हुए तीन माह पहले सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) औड़िहार संजीत कुमार ने भी स्थल का निरीक्षण कर नाप-जोख की थी।डीआरएम ने निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर रेलवे मंत्रालय और दिल्ली स्थित मुख्यालय को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि अंडरपास निर्माण के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता पड़ती है तो आपसी सहमति बनाकर उसका समाधान निकालें, ताकि परियोजना में कोई बाधा न आए।डीआरएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों में अंडरपास निर्माण को लेकर उम्मीद जगी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

