यात्रियों की सुविधा और संरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं : रजनीश अग्रवाल
कानपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। यात्रियों की सुविधा और संरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। कोचों की साफ-सफाई, रखरखाव और स्टेशन पर बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। हर स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग के जरिए व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए। यह बातें गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल ने कही।
प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने आज कानपुर परिक्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ओल्ड वॉशिंग लाइन, न्यू कोचिंग कॉम्पलेक्स, सीटा, जीएमसी तथा पनकी धाम स्टेशन का दौरा कर व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। उद्देश्य यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्था और परिचालन कार्यों की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
ओल्ड वॉशिंग लाइन और न्यू कोचिंग कॉम्पलेक्स में दौरे के दौरान उन्होंने कोचों की धुलाई, रखरखाव, यांत्रिक कार्यों की गुणवत्ता तथा कार्यस्थल की स्वच्छता का गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोचिंग परिसरों में निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता का रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, जिससे यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक कोच उपलब्ध कराए जा सकें।
सीटा और जीएमसी परिसरों के दौरान उन्होंने संरक्षा मानकों, कार्य प्रणाली तथा उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्यों में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
पनकी धाम स्टेशन के दौरे के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्रतीक्षालय, टिकटिंग व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और यात्री सुविधाओं के निरंतर उन्नयन के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।
मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दोहराया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की कमी स्वीकार्य नहीं होगी।
पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि मंडल स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो।
इस दौरान उप मुख्य यातायात प्रबंधक, कानपुर अकांशु गोविल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

