मंडल रेल प्रबंधक ने टुंडला-कानपुर खंड का निरीक्षण कर दिये निर्देश
प्रयागराज, 01 मई (हि.स)। उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने शुक्रवार को टुंडला-कानपुर रेल खंड का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण रेल संचालन की गुणवत्ता, यात्री सुविधाओं तथा संरक्षा मानकों के समग्र आंकलन के उद्देश्य से किया गया।
यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने देते हुए बताया कि निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने बलरई, भरथना, सम्हों, अछल्दा, पाता, फफूंद एवं कंचौसी स्टेशनों का अवलोकन किया। उन्होंने प्लेटफार्मों पर स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता, प्रतीक्षालय, टिकटिंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही स्टेशनों पर कार्यरत कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, सतर्कता एवं यात्रियों के प्रति व्यवहार का भी मूल्यांकन किया।
मंडल रेल प्रबंधक ने विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि स्टेशन परिसरों में साफ-सफाई को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए तथा यात्रियों की सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे। साथ ही संरक्षा मानकों के पालन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर उप मुख्य यातायात प्रबंधक टुंडला अमित आनन्द, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (3) अंकित गुप्ता, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक ललित कुमार, राकेश ग्रोवर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

