मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने कोटद्वार रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण
रेल यात्रियों की सुविधा, सुगम आवागमन एवं सुरक्षित संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दें : मंडल रेल प्रबंधक
मुरादाबाद, 06 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने रविवार को बताया कि मुरादाबाद रेल मंडल में यात्री सुविधाओं के उन्नयन, संरक्षा एवं स्टेशन परिसरों के विकास के दृष्टिगत मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे कोटद्वार स्टेशन का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान डीआरएम ने यात्रियों की सुविधा, सुगम आवागमन एवं सुरक्षित संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन के विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण करते हुए उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के लिए उपलब्ध अनारक्षित एवं आरक्षित टिकट बुकिंग काउंटर, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री बैठने की व्यवस्था, विश्रामालय, पेयजल सुविधा, शौचालय सहित अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर एवं प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के सुरक्षित आगमन एवं प्रस्थान की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कोटद्वार स्टेशन पर किए जा रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष सभी कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित समयावधि में शीघ्र पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान गुणवत्ता, यात्री सुविधा एवं संरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन मास्टर कार्यालय एवं पैनल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन मास्टर एवं पॉइंट्समैन से संवाद स्थापित करते हुए स्टेशन पर ट्रेनों के सुरक्षित संचालन तथा संरक्षा से संबंधित नियमों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी संबंधित कर्मचारियों को संरक्षा नियमों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने तथा कार्य के दौरान सदैव सतर्क एवं सजग रहने के निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक ने मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों के साथ स्टेशन परिसर में पौधारोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित रेलवे की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) कौशल किशोर शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (चतुर्थ) करन प्रीत सिंह, अधिशासी अभियंता (गति शक्ति) ऋषभ दत्त सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

