तकनीक आधारित होगी चार पहिया वाहन चालकों के ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया
-मुरादाबाद आरटीओ कार्यालय में अगस्त माह के पहले सप्ताह में शुरू होगी सेंसर आधारित ड्राइविंग परीक्षा
मुरादाबाद, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में चार पहिया वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया अब पूरी तरह तकनीक आधारित होने जा रही है। कांठ रोड स्थित ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में अगस्त के पहले सप्ताह से सेंसर आधारित ड्राइविंग टेस्ट शुरू कर दिया जाएगा। इस नई व्यवस्था में कैमरे और सेंसर चालक की ड्राइविंग क्षमता का आकलन करेंगे। इससे परीक्षा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष होगी।
ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट परिसर में सेंसर युक्त ट्रैक और आधुनिक उपकरण करीब आठ महीने पहले स्थापित कर दिए गये थे।
परिवहन विभाग के संभागीय निरीक्षक पवन कुमार सोनकर ने सोमवार को बताया तकनीकी तैयारियां पूरी होने के बाद अब इसे शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। इसके लागू होते ही चार पहिया वाहन चालकों का ड्राइविंग टेस्ट सेंसर से होने लगेगा। नई व्यवस्था के तहत चालक द्वारा वाहन चलाने पर ट्रैक पर लगे सेंसर और कैमरे वाहन की गति, लेन अनुशासन, बैक गियर, पार्किंग, ढलान पर वाहन नियंत्रण और अन्य निर्धारित मानकों की निगरानी करेंगे।
यदि चालक किसी भी निर्धारित नियम का उल्लंघन करता है तो सेंसर उसे तुरंत रिकॉर्ड कर लेंगे और उसी के आधार पर परीक्षा परिणाम तैयार होगा।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

