तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, चालक की मौके पर ही मौत
मथुरा, 06 जून (हि.स.)। आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह जीएलए यूनिवर्सिटी के सामने करीब 06 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और कई हिस्सों में टूट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपित ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भिड़ंत के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रक के नीचे ही फंस गया था। हादसे के बाद हाईवे पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके कारण दिल्ली से आगरा जाने वाले मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। घटना की जानकारी मिलते ही पीआरबी 1880 और पीआरबी 8418 की पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तत्काल थाना जैत को सूचित किया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंच गया। ट्रक के नीचे फंसे चालक को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस द्वारा की गई शिनाख्त में मृतक की पहचान मुनेश (26 वर्ष) पुत्र देवीचरण के रूप में हुई है, जो जनपद मथुरा के थाना नौहझील के अंतर्गत ग्राम मुकदमपुर का निवासी था। परिजनों को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, कोहराम मच गया और वे रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए।
जैंत थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ट्रक चालक की पहचान की जा सके। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

