नाले में डूबे मजदूर की 18 घंटे बाद मिली लाश
बांदा, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अतर्रा कोतवाली क्षेत्र स्थित लोधौरा गांव में धान की रोपाई के लिए मजदूरी करने निकले मजदूर की नाले में डूबने से मौत हो गई। करीब 18 घंटे तक चले खोज अभियान के बाद शुक्रवार सुबह उसका शव घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर बबूल के पेड़ में फंसा मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
लोधौरा गांव निवासी चुन्नू वर्मा (52) बृहस्पतिवार दोपहर धान की रोपाई के लिए मजदूरी करने घर से निकले थे। घर से करीब 300 मीटर दूर बिसाहिल नाले के पास अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरे और डूब गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नाले में खोज अभियान शुरू कराया। रातभर तलाश के बावजूद उनका पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे गोताखोरों को घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर बबूल के पेड़ में फंसा चुन्नू का शव दिखाई दिया। शव बरामद होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के पुत्र संदीप ने बताया कि उनके पिता बटाई पर खेत लेकर खेती करते थे और साथ ही मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे।
कोतवाल राकेश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया गहरे नाले में डूबने से मजदूर की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

