डॉ. सच्चिदानंद जोशी राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त साहित्य सम्मान से सम्मानित
झांसी, 03 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की 140वीं जयंती के अवसर पर दीनदयाल सभागार में भव्य सम्मान समारोह एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, शिक्षा, समाज और राजनीति से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह के दौरान राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त शिक्षण संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष प्रदान किया जाने वाला 'राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त साहित्य सम्मान' प्रख्यात शिक्षाविद एवं साहित्यकार इन्दिरा गॉन्धी राष्ट्रीय कला केन्द्र के सदस्य सचिव, भारतीय विरासत संस्थान विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति डॉ. सच्चिदानन्द जोशी को दिया गया।
समारोह में मुख्य अतिथियों के रूप में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह क्षेत्र कार्यवाह अनिल श्रीवास्तव, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय, गौसेवा आयोग के अध्यक्ष श्यामबिहारी गुप्ता, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह तथा गहोई समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामगोपाल छिरौल्या मौजूद रहे।
अतिथियों ने राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त के साहित्य को भारतीय संस्कृति और राष्ट्र चेतना का अमूल्य धरोहर बताते हुए नई पीढ़ी तक उनकी रचनाओं को पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन ने श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। प्रख्यात कवयित्री अनामिका जैन 'अम्बर' ने हास्य, व्यंग्य, श्रृंगार और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत अपनी रचनाओं से खूब वाहवाही बटोरी। उनकी प्रस्तुति के दौरान जब उन्होंने यूपी में बाबा बा पंक्तियां सुनाईं तो पूरा सभागार जय श्रीराम के नारों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
छतरपुर से आए वीर रस के कवि अभिराम पाठक ने अपनी ओजपूर्ण कविताओं से श्रोताओं में उत्साह का संचार किया। उन्होंने विश्व शांति और भारतीय संस्कृति का संदेश देते हुए अपनी चर्चित पंक्तियां प्रस्तुत कीं, जिन्हें श्रोताओं ने जोरदार तालियों से सराहा। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन कवि अर्जुन सिंह चांद ने किया और उन्होंने भी अपनी राष्ट्रवादी रचनाओं से वातावरण को ऊर्जावान बना दिया।
इससे पूर्व स्वागत भाषण में डॉ. वैभव गुप्त ने अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के अंत में अर्जुन सिंह चांद ने सभी अतिथियों, कवियों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त शिक्षण संस्थान के प्राचार्य आशीष कुमार तिवारी, अंजनी पाण्डेय, ओमेन्द्र कुमार, जलज राय, कौशल राजपूत सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

