home page

तीसरी बार हैट्रिक मारकर सुशासन का खिलेगा कमल : डॉ रमापति राम त्रिपाठी

 | 
तीसरी बार हैट्रिक मारकर सुशासन का खिलेगा कमल : डॉ रमापति राम त्रिपाठी


प्रयागराज, 21 मार्च (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ रमापति राम त्रिपाठी ने प्रयागराज आगमन पर शनिवार काे सर्किट हाउस के सभागार में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं सेे भेट की। उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकजुट होकर 2027 के विधानसभा चुनाव और आगामी होने वाले जिला पंचायत चुनाव की तैयारी कर उत्तर प्रदेश में फिर एक बार प्रचंड बहुमत के साथ सुशासन का कमल खिलाएं।

उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता पूरी तरह से चुनावी मूड में आ जाएं और तीसरी बार हैट्रिक मारकर सुशासन का कमल खिलाएं। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में आज कोहराम मचा हुआ है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सुरक्षित महसूस कर रहा है और देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। भारत की बढ़ती हुई ताकत को देखकर देश के दुश्मन परेशान हैं और भारत को भी युद्ध की आग में झोंकना चाहते हैं। लेकिन ये मोदी जी का भारत है जो देश के दुश्मनों से बदला लेने के लिए घर में घुसकर मारता भी है और अपने कुशल कूटनीति से भारत को युद्ध से बचाता भी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में उत्तर प्रदेश गुंडा मुक्त होकर विकसित उत्तर प्रदेश बन रहा है और लोग अमन चैन से जी रहे हैं। नहीं तो इसी उत्तर प्रदेश में सपा के शासन में गुंडों का आंतक था और लोग डर के साए में जी रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने फिर से तीसरी बार हैट्रिक मारकर प्रदेश में विकास का खुशहाली का और सुशासन का कमल खिलाने की तैयारी कर ली है।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी, प्रवक्ता राजेश केसरवानी, भाजपा नेता उमेश द्विवेदी, पार्षद आशीष द्विवेदी, पार्षद ज्ञानेंद्र मिश्रा, विवेक अग्रवाल प्रमोद मोदी, अजय अग्रहरि, शत्रुघ्न जायसवाल एवं सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र