केजीएमयू के प्रोफेसर डॉ. फहद मंसूर को मिली ग्लासगो फेलोशिप
लखनऊ, 31 अगस्त (हि.स.)। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ओरल पैथोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. फहद मंसूर सामदी को दंत चिकित्सा के क्षेत्र की प्रतिष्ठित रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियंस एंड सर्जन्स ऑफ ग्लासगो (FDS RCPS Glasgow) की फेलोशिप से सम्मानित किया गया है। यह दंत चिकित्सा के क्षेत्र की विशिष्ट एवं प्रतिष्ठित व्यावसायिक फेलोशिप में से एक है।
डॉ. समदी उत्तर भारत के प्रथम ओरल पैथोलॉजिस्ट हैं जिन्हें यह प्रतिष्ठित फेलोशिप प्राप्त हुई है तथा वे भारत के चुनिंदा ओरल पैथोलॉजिस्टों में शामिल हैं। वे केजीएमयू के फैकल्टी ऑफ डेंटल साइंसेज से इस फेलोशिप को प्राप्त करने वाले तीसरे दंत चिकित्सक हैं। उनसे पूर्व यह सम्मान प्रतिष्ठित प्रो. शादाब मोहम्मद (पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित) तथा स्वर्गीय प्रो. दिव्या मेहरोत्रा को प्राप्त हो चुका है।
रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियंस एंड सर्जन्स ऑफ ग्लासगो विश्व के ऐतिहासिक चिकित्सा संस्थानों में से एक है, जिसकी गौरवशाली स्थापना वर्ष 1599 में हुई थी और जिसने चिकित्सा एवं शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में 425 वर्षों से अधिक की उत्कृष्ट परंपरा स्थापित की है। इस प्रतिष्ठित कॉलेज की फेलोशिप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यावसायिक उत्कृष्टता, विशेषज्ञता और सम्मान का प्रतीक मानी जाती है।
डॉ. समदी की यह उपलब्धि किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, फैकल्टी ऑफ डेंटल साइंसेज तथा ओरल पैथोलॉजी विभाग के लिए गौरव का विषय है और यह दंत चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में संस्थान के निरंतर योगदान को भी रेखांकित करती है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

