वाराणसी में डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, सात लोग गिरफ्तार
वाराणसी, 06 मार्च (हि. स.)। वाराणसी में चोलापुर थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। गांव में हंगामा की सूचना के बाद मौके पर चोलापुर थाना से पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर हालात को संभाला। पुलिस अधिकारियों को सूचना देने के बाद प्रभारी निरीक्षक ने प्रतिमा को पुनः बनवाने को लेकर प्रक्रिया आरंभ कराया। साथ ही प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू करा दी।
गांव के ही आंबेडकरवादी प्रियांशु कुमार ने कहा कि कुछ जातिवादी तत्वों द्वारा बाबा साहेब अम्बेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त की गयी। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा तोड़े जाने का विरोध किया है। वहीं, चोलापुर थाने में राजभर समाज के लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक मुकदमे में नामजद 14 लोगों में से सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

