home page

जीएसवीएम मेडिकल काॅलेज में डॉ. आंबेडकर स्वास्थ्य सेवा यात्रा शुरू

 | 
जीएसवीएम मेडिकल काॅलेज में डॉ. आंबेडकर स्वास्थ्य सेवा यात्रा शुरू


कानपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में शनिवार को डॉ. बीआर आंबेडकर स्वास्थ्य सेवा यात्रा 1.0 का शुभारंभ हुआ। अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर जरूरतमंदों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर दिया जाएगा।

नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ), जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, सेवा विभाग और श्री रामलला आरोग्यधाम हॉस्पिटल के संयुक्त सहयोग से शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और चिकित्सा विद्यार्थियों में सेवा व सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कानपुर प्रांत के प्रांत प्रचारक श्रीराम जी रहें। इस दौरान कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. संजय काला, पालीवाल डायग्नोस्टिक्स के निदेशक डॉ. उमेश पालीवाल, एनएमओ कानपुर प्रांत की अध्यक्ष डॉ. आरती दवे लालचंदानी, श्री रामलला आरोग्यधाम हॉस्पिटल की सचिव नीतू सिंह और आयोजन अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह मौजूद रहे। एनएमओ की जीएसवीएम इकाई के अध्यक्ष डॉ. प्रियेश शुक्ला, डॉ. मनीष सिंह, सोहम राज पांडेय और आदर्श मिश्रा सहित चिकित्सकों व विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की।

डॉ. संजय काला ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा का उद्देश्य केवल रोगों का उपचार करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। समाज के बीच पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझना चिकित्सा शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

डॉ. आरती दवे लालचंदानी ने स्वास्थ्य सेवाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने और लोगों को जागरूक करने के लिए सामूहिक प्रयासों को जरूरी बताया। आयोजन अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह ने सेवा, संवेदना और समर्पण के भाव से अभियान को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। डॉ. उमेश पालिवाल और नीतू सिंह ने भी जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के महत्व पर विचार रखे।

अभियान के माध्यम से चिकित्सा विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने, सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने और सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजकों ने चिकित्सकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से इस पहल में सहयोग करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप