home page

संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर मिला चिकित्सक के बेटे का शव

 | 
संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर मिला चिकित्सक के बेटे का शव


आधार कार्ड लेकर पुलिस घर पहुंची तो पिता को नहीं हुआ यकीन,लगाया फोन तो पुलिस ने उठाई कॉल

झांसी, 15 मार्च (हि.स.)। झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के उनाव रोड स्थित सुदर्शन गार्डन के पास रविवार को एक डॉक्टर के बेटे की लाश रेलवे ट्रैक पर मिलने के बाद हड़कम्प मच गया। आशंका जताई जा रही है कि वह ट्रेन की चपेट में आया है। शव के पास मिले आधार कार्ड को लेकर पुलिस उसके घर पहुंची। पिता से जब बेटे के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि उनका बेटा दिल्ली में है।

डॉ. सुमित मिसुरिया बबीना सीएचसी के अधीक्षक हैं। वह अपने परिवार के साथ सिद्धेश्वर मंदिर के आगे पीताम्बरा एनक्लेव में रहते हैं। उनका 19 साल का इकलौता बेटा संचय मिसुरिया सोनीपत स्थित जिंदल कॉलेज से लॉ की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने डॉक्टर सुमित मिसुरिया को बेटे की मौत की जानकारी दी। खबर सुनते ही वह बेसुध हो गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि उससे शनिवार को बात हुई थी। वह मामा के घर दिल्ली जाने की बात कहकर हॉस्टल से निकला था। मगर दोबारा फोन करके बताया कि कुछ असाइनमेंट है। इस वजह से रविवार को जाएंगे। ऐसे में अब वह झांसी कैसे और क्यों आया? ये पता नहीं चल रहा है। घर से करीब 1.5 किलोमीटर दूर उसकी लाश मिली।

मामला संदेहजनक

पिता ने बताया कि आज सुबह पुलिस को मेरे घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर बेटे का शव मिला। उसके पास आधार कार्ड मिला। जिसे लेकर पुलिस घर पर आई तो मैंने कह दिया कि मेरा बेटा तो दिल्ली में है। जब शव मिलने की खबर मिली तो शक हुआ। मैंने अपने बेटे के नंबर पर कॉल लगाया। तब किसी पुलिसकर्मी ने कॉल उठाई और घटना की जानकारी दी। तब हम लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। वहां मेरे बेटे का शव पड़ा था। ये पता नहीं कि बेटा बिना बताए यहां कैसे पहुंचा? मुझे मामला डाउटफुल लग रहा है। अब पुलिस जांच करेगी। कॉल डिटेल निकाली जाए। वो किसी तरह के दबाव में रहा होगा। दिल्ली से झांसी क्यों आया, किन परिस्थितियों में आया? ये जांच होनी चाहिए।

पुलिस जांच में मौत के कारणों का पता चलेगा

सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि आज सुबह बबीना सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुमित मिसुरिया के बेटे का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। वह लॉ की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने डॉ. मिसुरिया को सूचना दी तो घटना का पता चला। अभी पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। इसके बाद ही मौत के असल कारणों का पता चलेगा। मौत कैसे हुई, ये पुलिस जांच में ही पता चलेगा।

थाना प्रभारी निरीक्षक का है कहना

सीपरी बाजार थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे का कहना है कि ट्रेन की चपेट में आने से संचय मिसुरियों की मौत हुई है। वह किन परिस्थितियों में चपेट में आया, इसकी जांच की जा रही है। इसके बाद मौत के कारण स्पष्ट हो जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया