home page

संदिग्ध वस्तु दिखे तो न छुएं, तत्काल पुलिस को सूचना दें : प्रियंका बाजपेयी

 | 
संदिग्ध वस्तु दिखे तो न छुएं, तत्काल पुलिस को सूचना दें : प्रियंका बाजपेयी


कानपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। सुरक्षा के मद्देनजर स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्री सतर्क रहें। किसी भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु को न छुएं और उसके बारे में तत्काल पुलिस या सुरक्षा कर्मियों को सूचना दें। संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि नजर आने पर भी तुरंत जानकारी दें। यह बातें एसीपी कैंट डॉ. प्रियंका बाजपेई ने गुरुवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान कहीं।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जीआरपी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सिविल पुलिस की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान डॉग स्क्वाड की मदद से स्टेशन के प्लेटफॉर्म, परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, मेट्रो स्टेशन और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहनता से जांच की गई।

सुरक्षा टीमों ने स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के सामान की भी जांच की। संदिग्ध वस्तुओं और स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों के बीच भी सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिसकर्मियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी तरह की संदिग्ध स्थिति सामने आने पर खुद कार्रवाई करने के बजाय सुरक्षा बलों को सूचना दें।

अभियान के दौरान एसीपी कैंट डॉ. प्रियंका बाजपेयी और आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त विवेक वर्मा के साथ जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस के अधिकारी व जवान मौजूद रहे। टीमों ने स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए स्टेशन पर लगातार निगरानी रखने की बात कही है। सुरक्षा बलों ने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान अपने सामान का ध्यान रखें और किसी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए गए सामान को अपने साथ न रखें। सुरक्षा व्यवस्था के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप