अनाथ बहनों को मिलेगा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का लाभ
देवरिया, 20 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के जनता दर्शन में सोमवार को एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया। बरहज तहसील के ग्राम मोहरा निवासी ज्योति यादव अपनी चार बहनों के भविष्य को लेकर सहायता की गुहार लगाने पहुंची। बालिका की आपबीती सुनकर जिलाधिकारी ने तत्काल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और बच्चियों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने की पहल की।
ज्योति यादव ने बताया कि उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। परिवार में चार बहनें हैं और आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उसने अपनी और अपनी बहनों की शिक्षा जारी रखने के लिए प्रशासन से सहायता की मांग की।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए बालिका एवं उसकी बहनों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से आच्छादित करने के लिए तत्काल आवेदन भरवाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर योजना की स्वीकृति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि बच्चियों को शासन की सभी पात्र योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, ताकि उनकी शिक्षा बिना किसी बाधा के जारी रह सके और उनका भविष्य सुरक्षित हो। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जरूरत के अनुसार अन्य सरकारी योजनाओं से भी उन्हें जोड़ा जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने ज्योति यादव का राजकीय महिला महाविद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि उच्च शिक्षा प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
जिलाधिकारी की इस मानवीय और संवेदनशील पहल से बच्चियों में भविष्य को लेकर नई उम्मीद जगी। जनता दर्शन में मौजूद लोगों ने भी इस त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील निर्णय की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंद परिवारों के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

