आईजीआरएस शिकायतों की हकीकत जानने गांव पहुंचे जिलाधिकारी, मौके पर कराई जांच
देवरिया, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को सलेमपुर तहसील क्षेत्र के गांवों का दौरा कर आईजीआरएस पर दर्ज शिकायतों की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने दो शिकायतों और एक स्टांप प्रकरण की स्थलीय जांच कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम सबसे पहले ग्राम धनौती पहुंचे, जहां कौशल्या देवी ने गाटा संख्या 78 पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई थी। मौके पर राजस्व टीम से कराई गई जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता द्वारा ही समीप स्थित गाटा संख्या 79 पर अतिक्रमण किया गया है। जांच में शिकायत असत्य पाए जाने पर जिलाधिकारी ने धारा-24 के तहत लंबित कार्रवाई का आदेश पारित होने के बाद उसका प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम ग्राम सभा विराजभर पहुंचे, जहां ओमबाला सिंह ने रास्ते की मांग को लेकर शिकायत की थी। जांच में सामने आया कि संबंधित भूमि पर विपक्षी का मकान और बाउंड्री बनी हुई है तथा उसके विरुद्ध धारा-122बी की कार्रवाई भी चल रही है। विपक्षी ने दोबारा पैमाइश कराने की सहमति देते हुए कहा कि यदि रास्ते पर उसका निर्माण पाया जाता है तो वह स्वयं उसे हटा देगा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने सलाहाबाद गांव में कुंती देवी से जुड़े भवन संबंधी स्टांप प्रकरण की भी जांच की। उन्होंने मौके की स्थिति का मूल्यांकन से मिलान कराया और उपजिलाधिकारी को पुनः जांच कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस और जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि वास्तविक स्थिति के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

