home page

हैदरगढ़ चीनी मिल की टिश्यू कल्चर लैब पहुंचे डीएम, उन्नत गन्ना प्रजातियों की जानी हकीकत

 | 
हैदरगढ़ चीनी मिल की टिश्यू कल्चर लैब पहुंचे डीएम, उन्नत गन्ना प्रजातियों की जानी हकीकत


बाराबंकी, 30 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बुधवार को बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड की हैदरगढ़ इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिल परिसर में स्थापित गन्ना टिश्यू कल्चर प्रयोगशाला का जायजा लेकर उन्नत गन्ना प्रजातियों के उत्पादन और किसानों तक उनकी पहुंच की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली।

प्रयोगशाला में तैयार किए जा रहे गन्ने के पौधों की गुणवत्ता, उत्पादन प्रक्रिया और किसानों के खेतों तक पौधों को पहुंचाने की व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों ने जिलाधिकारी को जानकारी दी। डीएम ने आधुनिक तकनीक से तैयार की जा रही उन्नत प्रजातियों को किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नई तकनीक और बेहतर प्रजातियों के इस्तेमाल से गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इसके बाद मिल परिसर के सभागार में बलराम फाउंडेशन की ओर से सीएसआर के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं, टीबी मरीजों और किसानों के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सिलाई मशीनें वितरित की गईं। टीबी से पीड़ित मरीजों को पोषण पोटली प्रदान की गई। इसके अलावा कृषि यंत्रीकरण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर डीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, टीबी मरीजों को पोषण सहयोग देना और किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित करना उपयोगी पहल है। उन्होंने कृषि में तकनीकी बदलाव और उन्नत प्रजातियों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, जॉइंट मजिस्ट्रेट विद्यान्शु शेखर झा, बलरामपुर ग्रुप के सीजीएम कॉरपोरेट ऑफिस अरविंद सिंह, हैदरगढ़ मिल के सीजीएम विनोद यादव, जिला कृषि अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी राजीव टंडन, उप महाप्रबंधक गन्ना धर्मेश मेहरोत्रा, मुख्य प्रबंधक उपदेश शर्मा, डॉ. जितेंद्र पाल, डॉ. मुकुंद पटेल सहित विभागीय अधिकारी, चीनी मिल के कर्मचारी, किसान और महिलाएं मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी