home page

मुरादाबाद : विद्युत चोरी पर जिलाधिकारी सख्त, 8,000 परिसरों की हुई जांच

 | 
मुरादाबाद : विद्युत चोरी पर जिलाधिकारी सख्त, 8,000 परिसरों की हुई जांच


- सघन चेकिंग अभियान में 320 विद्युत चोरी के मामले पकड़े, एफआईआर दर्ज

- विद्युत चोरी के मामलों में 345.58 लाख रुपये का राजस्व आकलन, 420.42 लाख रुपये की राजस्व वसूली

मुरादाबाद, 09 सितंबर (हि.स.)।

विद्युत उपभोक्ताओं को भरपूर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने तथा विद्युत चोरी के मामलों पर प्रभावी रोकथाम को लेकर मुरादाबाद जनपद में अभियान छेड़ दिया गया है। यहां जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के निर्देशों के क्रम में विद्युत वितरण मंडल प्रथम ने विद्युत चोरी, कटियामारी, मीटर टेम्परिंग एवं अवैध विद्युत उपभोग पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा लाइन लॉस कम करने के उद्देश्य से अगस्त माह से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अगस्त से सितम्बर 2026 तक सघन चेकिंग एवं प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत बड़ी संख्या में कटिया से चोरी कर बिजली जलाई जाती पकड़ी गई है।

अधीक्षण अभियंता विद्युत ग्रामीण गुलशन गोयल ने बुधवार को बताया कि अभियान के अंतर्गत विद्युत विभाग की स्थानीय टीमों एवं विजिलेंस टीमों द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जांच एवं छापेमारी की जा रही है। इस अभियान के दौरान अब तक करीब 8,000 से अधिक परिसरों/उपभोक्ताओं की जांच की गई, जिसमें विद्युत चोरी के 320 मामले पकड़े गए। विद्युत चोरी के सभी मामलों में भारतीय विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135/138बी के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है।

अधीक्षण अभियंता विद्युत ग्रामीण ने बताया कि विद्युत चोरी एवं अवैध विद्युत उपभोग के विरुद्ध कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। कटियामारी, मीटर में छेड़छाड़, सीधे विद्युत लाइन से अवैध कनेक्शन लेने तथा अन्य माध्यमों से विद्युत चोरी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

विद्युत उपभोक्ता विद्युत का वैध कनेक्शन लेकर ही उपयोग करें, मीटर अथवा विद्युत लाइन से किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें और अपने विद्युत बिलों का समय से भुगतान करें। विद्युत चोरी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे विद्युत व्यवस्था एवं ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। विद्युत चोरी के विरुद्ध सघन चेकिंग एवं प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेगा।

बकायेदार उपभोक्ताओं से 420.42 लाख की वसूली अभियान के साथ-साथ 10 हजार रुपये से अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके तहत कुल 420.42 लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई। इसमें ग्रामीण खंड से 167.47 लाख रुपये, कांठ खंड से 124.02 लाख रुपये तथा ठाकुरद्वारा खंड से 128.93 लाख रुपये की वसूली की गई।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल