फर्रुखाबाद: चीनी की बड़ी कीमतों पर जिलाधिकारी ने थोक विक्रेताओं की बढ़ाई निगरानी, अधिकारियों को दिए निर्देश
फर्रुखाबाद, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में चीनी का स्टॉक पर्याप्त है। चीनी की कोई कमी नहीं है। यह जानकारी चीनी मिल महाप्रबंधक कायमगंज ने जिला अधिकारी अंकुर लाठर को दी। जिलाधिकारी शनिवार को
बाजार में चीनी के बढ़ते दामों के दृष्टिगत अधिकारियों संग बैठक कर रही थी। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी,
जिला गन्ना अधिकारी, जीएम चीनी मिल कायमगंज के साथ-साथ जिले के 10 बड़े स्टॉकिस्ट उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी को बैठक में जीएम चीनी मिल द्वारा सर्वप्रथम अवगत कराया गया कि चीनी का पर्याप्त स्टॉक है। जनपद में चीनी की एक ही मिल है, जो सरकारी है। मिल पर भी पर्याप्त मात्रा में स्टॉक है। आज का चीनी का थोक मूल्य 5900 रुपये है।
बैठक में जिलाधिकारी ने पूछा कि बड़े स्टॉकिस्ट के स्टॉक की क्या स्थिति है। इस संबंध में जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि बड़े स्टॉकिस्ट के पास भी पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध है और भारत सरकार द्वारा निर्धारित 4000 कुंतल की स्टॉक सीमा के अंतर्गत ही है। बड़े स्टॉकिस्ट में से तीन स्टॉकिस्ट की रेंडम तौर पर टीम गठित कर जांच कराई गई, जिनका स्टॉक अनुमन्य सीमा के अंतर्गत ही पाया गया है। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सभी स्टॉकिस्ट को भारत सरकार के पोर्टल foodstock.dfpd.gov.in पर प्रत्येक शुक्रवार को अपनी स्टॉक को प्रदर्शित किया जाना है।
जिलाधिकारी अंकुर लाठर ने समस्त स्टॉकिस्ट को निर्देश दिए गए कि गाइडलाइन के अनुसार अपना स्टॉक प्रदर्शित करें तथा जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला खाद्य विभाग अधिकारी को संयुक्त रूप से निर्देशित किया गया की कि टीम गठित कर रेंडम तौर पर स्टॉक की जांच कराना सुनिश्चित करें। किसी भी दशा में कोई भी व्यापारी जमाखोरी व कालाबाजारी ना करने पाये।
अंत में जिलाधिकारी अंकुर लाठर ने सर्व साधारण से अपील की कि जनपद में चीनी का पर्याप्त स्टॉक है। चीनी की कोई कमी नहीं है। अगर कोई कालाबाजारी करता है तो उसकी जानकारी प्रशासन को दें, संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

