home page

जिले की रामनगर तहसील में डीएम ने सुनीं फरियादें, मौके पर सुधरवाई खतौनी की त्रुटियां

 | 
जिले की रामनगर तहसील में डीएम ने सुनीं फरियादें, मौके पर सुधरवाई खतौनी की त्रुटियां


बाराबंकी 01 अगस्त (हि.स.)। जनसमस्याओं के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील रामनगर में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता, जॉइंट मजिस्ट्रेट विद्यांशु शेखर झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि फरियादियों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

समाधान दिवस के दौरान ग्राम देवकहा निवासी संजय कुमार ने न्यायालय के आदेश के बावजूद खतौनी में अमलदरामद दर्ज न होने की शिकायत की। डीएम ने तत्काल रजिस्ट्रार कानूनगो को बुलाकर अभिलेखों की जांच कराई और मौके पर ही आवश्यक प्रविष्टि दर्ज कराकर संशोधित खतौनी आवेदक को उपलब्ध करा दी।

इसी प्रकार ग्राम गंगापुर के पंकज सिंह ने खतौनी में गलत अंश दर्ज होने की शिकायत की। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व अधिकारियों ने रिकॉर्ड की जांच कर त्रुटि तत्काल ठीक कर सही खतौनी उपलब्ध कराई। वहीं, ग्राम किन्हौली के राम कुमार ने न्यायालय के आदेश के बावजूद मेड़बंदी न होने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर मेड़बंदी कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

डीएम ने राजस्व, विद्युत, पुलिस, विकास तथा अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों का मौके पर सत्यापन कर स्थायी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें, जिससे आमजन का शासन-प्रशासन पर विश्वास मजबूत हो।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिले की छह तहसीलों में कुल 676 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 61 का मौके पर निस्तारण किया गया। नवाबगंज तहसील में 190 में से 20, रामसनेहीघाट में 88 में से 14, सिरौलीगौसपुर में 95 में से 4, रामनगर में 143 में से 9, फतेहपुर में 65 में से 10 तथा हैदरगढ़ में 95 में से 4 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी