home page

बाराबंकी जेल का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, सीसीटीवी व सुरक्षा पर सख्ती के निर्देश

 | 
बाराबंकी जेल का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, सीसीटीवी व सुरक्षा पर सख्ती के निर्देश


बाराबंकी, 30 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मुख्य द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था जांची और तैनात कर्मियों से जानकारी ली।

इसके बाद दोनों अधिकारियों ने कारागार परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, अनुशासन व सुरक्षा व्यवस्था देखी। कंट्रोल रूम में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। डीएम-एसपी ने निर्देश दिया कि सभी कैमरे 24 घंटे चालू रहें। तकनीकी खराबी तत्काल ठीक कराए।

निरीक्षण के दौरान महिला बैरक, पुरुष बैरक, गौशाला एवं कारागार अस्पताल का भी जायजा लिया गया। बैरकों में प्रकाश, शौचालय, स्वच्छता, भोजन व पेयजल व्यवस्था परखी गई। अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सा सुविधाओं की जांच की।

अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि बंदियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य व सुविधाओं में लापरवाही न हो। कारागार में अनुशासन, स्वच्छता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप चलें।

डीएम-एसपी ने बंदियों से बात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समयबद्ध निस्तारण के आदेश दिए। इस दौरान जेल अधीक्षक कुंदन कुमार, जेलर जितेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी