home page

डॉक्टर मरीजों को न लिखें बाहर की दवाएं : डीएम प्रभास कुमार

 | 
डॉक्टर मरीजों को न लिखें बाहर की दवाएं : डीएम प्रभास कुमार


-डाक्टर समय से उपस्थित होकर मरीजों को उपलब्ध कराएं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं

महोबा, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में जिलाधिकारी प्रभाष कुमार ने मंगलवार को जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दाैरान यहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं मरीजों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, प्रसव कक्ष, लेबर रूम, इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण कक्ष, आयुष्मान वार्ड सहित अन्य स्वास्थ्य इकाइयों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया है। उन्होंने डाॅक्टराें काे निर्देश दिए कि बाहर की दवाएं नहीं लिखी जाएं तथा अस्पताल में सभी डाक्टर समय से उपस्थित रहकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दें।

मंगलवार को जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने जिला महिला अस्पताल में भर्ती महिला मरीजों एवं उनके तीमारदारों से संवाद कर उन्हें मिल रहे उपचार, दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के व्यवहार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि, अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी न होने पाए।

डीएम ने अस्पताल परिसर एवं सभी वार्डों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने तथा मरीजों को आवश्यक दवाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को सुरक्षित एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रसूता एवं नवजात शिशुओं की देखभाल में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में उपलब्ध सभी आवश्यक चिकित्सा उपकरण सुचारु रूप से संचालित रहें तथा मरीजों को उपचार एवं जांच संबंधी सुविधाओं के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार करने तथा निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी