home page

जिलाधिकारी ने 66 गेहूं क्रय केंद्रों पर निगरानी तेज की, 48-72 घंटे में भुगतान के निर्देश

 | 
जिलाधिकारी ने 66 गेहूं क्रय केंद्रों पर निगरानी तेज की, 48-72 घंटे में भुगतान के निर्देश


कहा- गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों के उत्पीड़न पर होगी सख्त कार्रवाई

झांसी, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में गेहूं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने शुक्रवार काे सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्रय केंद्रों पर किसानों के उत्पीड़न की स्थिति में संबंधित केंद्र प्रभारी के खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाएगी।

मूल्य समर्थन योजना के तहत संचालित 66 गेहूं क्रय केंद्रों की निगरानी के लिए एसडीएम समेत 18 जिलास्तरीय अधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों को 31 बिंदुओं की चेकलिस्ट के आधार पर नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (₹2585 प्रति क्विंटल) का लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने केंद्रों पर फ्लैक्स, तौल कांटे, पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही बिचौलियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि खरीद के बाद 48 से 72 घंटे के भीतर किसानों का भुगतान हर हाल में किया जाए। जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष कुमार पटेल ने बताया कि 30 मार्च से शुरू हुई खरीद प्रक्रिया में अब तक 195 किसानों से करीब 15 हजार कुंतल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। जनपद में पर्याप्त मात्रा में बोरों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। प्रशासन का दावा है कि इस बार किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जा रही हैं, जिससे खरीद प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया