home page

जिलाधिकारी मुरादाबाद ने कुंदरकी विधायक के साथ मूढ़ापांडे क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित गांवों का किया स्थलीय निरीक्षण

 | 
जिलाधिकारी मुरादाबाद ने कुंदरकी विधायक के साथ मूढ़ापांडे क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित गांवों का किया स्थलीय निरीक्षण


जिलाधिकारी मुरादाबाद ने कुंदरकी विधायक के साथ मूढ़ापांडे क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित गांवों का किया स्थलीय निरीक्षण


जिलाधिकारी बोले, जलस्तर सामान्य होने के बाद कराया जाएगा फसल क्षति का सर्वे

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए : डीएम

मुरादाबाद, 04 सितम्बर (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने जिले की कुंदरकी विधानसभा से विधायक कुंदरकी ठाकुर रामवीर सिंह के साथ शुक्रवार को तहसील सदर के मूढ़ापांडे क्षेत्र में कोसी नदी के तटीय इलाकों में स्थित ग्राम भीतखेड़ा, हिरनखेड़ा, मिलक, बिसाड़ आदि गांवों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का ट्रैक्टर से स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति, जलभराव तथा प्रशासन द्वारा की गई राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने ग्रामीण जनों से बातचीत करके विस्तारपूर्वक जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही बाढ़ शरण स्थलों, मेडिकल कैंप एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सक्रिय रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे।

रजेड़ा नदी के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि नदी पर पुल बना हुआ है तथा नदी के बहाव क्षेत्र में सुधारात्मक कार्यों के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए सुधारात्मक कार्य कराए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में मुख्य रूप से पॉपुलर के पेड़ एवं धान की फसल है। धान की फसल की जलधारण क्षमता तुलनात्मक रूप से अधिक होने के कारण फिलहाल इसमें बड़े नुकसान की संभावना नहीं है। अन्य फसलों में हुई संभावित क्षति का वास्तविक आकलन जलस्तर सामान्य होने के बाद ही किया जा सकेगा। इसके लिए राजस्व टीम द्वारा नियमानुसार सर्वे किया जाएगा तथा सर्वे रिपोर्ट के आधार पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप पात्र किसानों को फसल क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी।

कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों के साथ पूरे क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया है। प्रशासनिक टीम पूरी तरह सतर्क है और राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय, एसडीएम सदर अभिषेक कुमार सिंह और आपदा विशेषज्ञ श्री प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल