home page

सीतापुर में गैस एजेंसियों पर तेज हुआ प्रशासन का शिकंजा, गाेदाम सील

 | 
सीतापुर में गैस एजेंसियों पर तेज हुआ प्रशासन का शिकंजा, गाेदाम सील


सीतापुर, 27 मार्च (हि.स.)। सीतापुर जनपद में पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफरातफरी के बीच अब गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कमलापुर की सरौरा गैस एजेंसी पर कार्रवाई के बाद शुक्रवार देर रात खैराबाद थाना क्षेत्र स्थित राधा कृष्ण गैस एजेंसी पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान जब अधिकारियों ने एजेंसी के स्टॉक का मिलान किया तो चौंकाने वाली गड़बड़ी सामने आई। अभिलेखों में जहां 572 गैस सिलेंडर दर्ज थे, वहीं मौके पर जांच में 352 सिलेंडर कम पाए गए। इतनी बड़ी कमी मिलने पर टीम ने तत्काल सख्त कदम उठाते हुए एजेंसी के गोदाम को सील कर दिया।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि एजेंसी संचालक बिना बुकिंग के ही उपभोक्ताओं को सिलेंडर वितरित कर रहा था, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है। अधिकारियों को आशंका है कि यह संगठित कालाबाजारी का मामला हो सकता है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। मौके से संबंधित दस्तावेज कब्जे में लेकर गहन जांच शुरू कर दी गई है।

नायब तहसीलदार वसुंधरा त्रिपाठी ने बताया कि जिले में किसी भी प्रकार की जमाखोरी या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। लगातार दूसरी कार्रवाई के बाद अन्य गैस एजेंसियों में भी खौफ का माहौल है।

गौरतलब है कि पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाहों के बीच ईंधन और गैस की मांग अचानक बढ़ गई है, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग अवैध मुनाफाखोरी में जुटे हैं। जिलाधिकारी राजा गणपति आर ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma