home page

जिलाधिकारी ने विकास भवन का निरीक्षण किया, अनुपस्थित अफसराें पर कार्रवाई के निर्देश

 | 
जिलाधिकारी ने विकास भवन का निरीक्षण किया, अनुपस्थित अफसराें पर कार्रवाई के निर्देश


हाथरस, 21 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंगलवार काे विकास भवन परिसर में संचालित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी कार्यालय, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, लघु सिंचाई विभाग, जिला कृषि रक्षा अधिकारी कार्यालय, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय सहित कई विभागों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित को अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यालयों की साफ-सफाई और कार्य संस्कृति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यालयों में अनुशासनहीनता, अनावश्यक विलंब या लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना