home page

डीएम ने उप निबंधक कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया

 | 
डीएम ने उप निबंधक कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया


कौशांबी, 15 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने मंगलवार को उप निबंधक कार्यालय, मंझनपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में विभिन्न अभिलेखों के रख-रखाव, कर्मचारियों की उपस्थिति और राजस्व वसूली की स्थिति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने रकबा रजिस्टर, उपस्थिति रजिस्टर, मुआयना रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने उप निबंधक प्रेम नाथ शुक्ल से कार्यालय में संचालित कार्यों और राजस्व वसूली की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।

विगत माह में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राजस्व से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए। साथ ही शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्यों का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से निस्तारण करने को कहा।

डीएम ने कार्यालय में रखे अभिलेखों को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर अभिलेख आसानी से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की भी जानकारी ली और कैमरों को हमेशा चालू रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट रत्नेश तिवारी समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार