home page

जिलाधिकारी ने गेंहू क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण, दिए जरूरी दिशा निर्देश

 | 
जिलाधिकारी ने गेंहू क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण, दिए जरूरी दिशा निर्देश


फर्रुखाबाद, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में खाद्य विभाग द्वारा संचालित गेहूँ क्रय केंद्राें के कार्य की पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर ने राजकीय गेहूँ खरीद केंद्र, सातनपुर मंडी का औचक निरीक्षण किया । खरीद रजिस्टर में किसानों के फोन नम्बर न देख जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई।

जिलाधिकारी ने केंद्र पर रखे अभिलेखों टोकन रजिस्टर, क्रय पंजिका एवं बोरा रजिस्टर आदि का गहन परीक्षण किया। इस अवसर पर उपस्थित डिप्टी आरएमओ ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि वर्तमान तक केंद्र पर कुल 40 किसानों से 2828 कुंतल गेहूँ की खरीद की जा चुकी है, जिसमें से 38 किसानों का भुगतान उनके खातों में किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि क्रय पंजिका में सभी किसानों के मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज किये जाएं। ताकि किसी भी स्थिति में किसानों से त्वरित संपर्क स्थापित किया जा सके। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये कि क्रय केंद्र पर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और समस्त व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ लाठर ने गेहूँ के नमूने की नमी की जांच कराई तथा इलेक्ट्रॉनिक कांटे की शुद्धता भी परखी । उन्होंने गुणवत्ता मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि गेहूँ क्रय में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार्य नहीं होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar