राजस्व मामलों के निस्तारण के लिए 30 जून तक चलाए विशेष अभियान: जिलाधिकारी
-सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, 167 शिकायतों में 16 का मौके पर निस्तारणजौनपुर, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शाहगंज तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 167 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 16 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, अतिक्रमण, नाली निर्माण और राजस्व संबंधी मामलों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। अंगुली निवासी नरेंद्र प्रताप सिंह ने नवीन परती भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने डीसी मनरेगा को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं शाहगंज निवासी संतोष कुमार यादव की टूटी नाली संबंधी शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया। ग्राम खुदौली निवासी धर्मेंद्र प्रताप सिंह द्वारा चकमार्ग की भूमि की पैमाइश कराने की मांग पर उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी को संयुक्त टीम बनाकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक जून से 30 जून तक राजस्व मामलों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा जनसुनवाई से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान किया जाए। इस अवसर पर परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय, उप जिलाधिकारी शाहगंज कुणाल गौरव, क्षेत्राधिकारी शाहगंज, तहसीलदार सौरभ कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनपद की अन्य तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

