फर्रुखाबाद: सालों से निष्क्रिय सीतापुर नेत्र चिकित्सालय को मिली संजीवनी, जल्द क्रियाशील होने की संभावना
फर्रुखाबाद, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में सालों से निष्क्रिय पड़े सीतापुर नेत्र चिकित्सालय को संजीवनी मिल गई है। जिलाधिकारी अंकुर लाठर ने शुक्रवार को अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद नेत्र चिकित्सालय को पुनः सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आनन्द उपाध्याय के साथ सीतापुर आई हॉस्पिटल फतेहगढ़ का निरीक्षण किया। संज्ञान में आया कि 15-20 वर्षों से यह अस्पताल क्रियाशील नहीं है, जिसको लेकर जनता ने भी जिलाधिकारी को कई बार शिकायत की है। उसके स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिला शासकीय अधिवक्ता (सिविल) कृष्णकान्त महाजन को बुलाकर उसके भूमि अभिलेखों का अवलोकन करते हुए विवरण सहित आख्या देने का निर्देश दिया गया।अधिशासी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी फर्रूखाबाद श्मुरलीधर को निर्देश दिये गये कि इसका पूर्ण भौतिक स्थलीय निरीक्षण करते हुए विस्तृत आख्या करें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि अन्तर्विभागीय समन्वय करते हुए आई रिलीफ सोसाईटी के अन्तर्गत विभागीय कार्यवाही कर सीतापुर आई हॉस्पिटल को क्रियाशील करायें।
उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी आई रिलीफ सोसाईटी की अध्यक्ष एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी उपाध्यक्ष है।
संज्ञान में यह भी आया है कि पूर्व में शासन से भी इसका अनुवर्ती अनुदान मिलता रहा है, जो कि वर्ष 2022 से बन्द है। 1963 में यह जमीन जिला प्रशासन द्वारा अधिग्रहीत की गयी थी, जो जनता के सहयोग एवं शासकीय अनुदान से इसका निर्माण हुआ, जिसका बीच में कुछ वर्ष तक सीतापुर आई हॉस्पिटल ने इसका संचालन किया। विगत 15-20 वर्ष से उसका उचित प्रकार संचालन नहीं किया जा रहा है। इस समय यह बिल्डिंग जर्जर एवं क्षीर्ण हो चुकी है, जिसका लाभ फर्रूखाबाद की जनता को नहीं मिल पा रहा है।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने तत्परता से संज्ञान में लेकर इसके पुर्नद्धार की शुरूआत कर दी है। निश्चित तौर पर जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय के सक्रिय प्रयासों से जनपद ही नहीं, आसपास की जनता को भी इस नेत्र चिकित्सालय का लाभ जल्द मिलने की संभावना अब बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

