कालाजार नियंत्रण को लेकर जिलाधिकारी सख्त, बरसात से पहले छिड़काव के दिए निर्देश
- कालाजार नियंत्रण को लेकर जिलाधिकारी ने दिए प्रभावी छिड़काव एवं जनजागरूकता के लिए दिए निर्देश
देवरिया, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में कालाजार रोग के प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित एवं संभावित गांवों में बरसात से पूर्व प्राथमिकता के आधार पर छिड़काव कार्य पूरा कराने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस वेक्टर जनित बीमारी की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए तथा प्रभावित क्षेत्रों में समयबद्ध छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि जनपद के आठ विकास खंडों के 26 गांव कालाजार से प्रभावित रहे हैं, जिनमें से 17 गांवों में अब तक छिड़काव कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि कालाजार बीमारी बालू मक्खी के काटने से फैलती है और इसके नियंत्रण के लिए बालू मक्खियों की रोकथाम अत्यंत आवश्यक है। यह रोग मुख्य रूप से बिहार में पाया जाता है, लेकिन सीमावर्ती क्षेत्रों में भी इसके संक्रमण की संभावना बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में छिड़काव और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा संदिग्ध मरीजों का रैपिड टेस्ट कराया जाता है और पॉजिटिव पाए जाने पर उनका उपचार देवरिया मेडिकल कॉलेज में कराया जाता है।
बैठक में जिलाधिकारी ने कालाजार नियंत्रण से जुड़ी सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम को पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कालाजार के जोनल कोऑर्डिनेटर डॉ. नित्यानंद ठाकुर ने संचालित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में मलेरिया अधिकारी सुधाकर मणि भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

