home page

गैस व तेल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी की सख्ती, वितरकों को दिए कड़े निर्देश

 | 
गैस व तेल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी की सख्ती, वितरकों को दिए कड़े निर्देश


औरैया, 24 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में गैस तेल वितरकों व संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंडियन ऑयल, बीपीसीएल, एचपीसीएल एलपीजी गैस कंपनियों के सेल्स ऑफिसर, टोरेंट गैस कंपनी के सहायक मैनेजर तथा आपूर्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत ओटीपी के माध्यम से ही सिलेंडर का वितरण सुनिश्चित किया जाए और सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी दी जाए। उन्होंने गैस बुकिंग की वरीयता सूची का पालन करते हुए पुरानी बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को पहले गैस उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

इसके साथ ही सभी गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया। जिलाधिकारी ने गैस व तेल कंपनियों के विक्रय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन स्टॉक, आमद, बिक्री और शेष स्टॉक की जानकारी जिला पूर्ति अधिकारी को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।

टोरेंट गैस कंपनी को घरेलू गैस कनेक्शन इंस्टॉलेशन में तेजी लाने और कैंपों के माध्यम से मैरिज होम व अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में प्राथमिकता के आधार पर कॉमर्शियल कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही रेस्टोरेशन कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने को कहा गया।

बैठक में डिप्टी कलेक्टर कमल कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सहित संबंधित पेट्रोल पंप संचालक और सेल्स ऑफिसर उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार