डीएम ने जवाहर नवोदय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण
जौनपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने मंगलवार को जवाहर नवोदय विद्यालय मड़ियाहूं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर विद्यालय में पठन-पाठन, भोजन, पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुरुष छात्रावास में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। आवासीय भवनों की मरम्मत के लिए कार्यदायी संस्था आरईएस को आवश्यक एस्टीमेट तैयार करने को कहा।
महिला छात्रावास का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चहारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाने और उसके ऊपर कंटीले तार लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक सावधानी बरतने को कहा।
विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संतोष जताया। उन्होंने प्राचार्य को परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और नियमित रूप से झाड़ियों की कटाई-छंटाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही बारिश के मौसम को देखते हुए जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में निर्मित मल्टीपरपज हॉल का भी निरीक्षण किया और उसे नियमित रूप से क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और बेहतर होनी चाहिए, ताकि छात्र-छात्राओं को सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

