home page

डीएम ने कस्तूरबा विद्यालय भटनी का किया औचक निरीक्षण

 | 
डीएम ने कस्तूरबा विद्यालय भटनी का किया औचक निरीक्षण


डीएम ने कस्तूरबा विद्यालय भटनी का किया औचक निरीक्षण


देवरिया, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवरिया (डीएम) जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को विकासखंड भटनी के रुपई स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने पठन-पाठन की गुणवत्ता, छात्राओं की उपस्थिति, अभिलेखों और विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं की डिजिटल उपस्थिति का अवलोकन किया और विद्यालय प्रशासन को सभी छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

डीएम ने विद्यालय के रसोईघर, कक्षाओं और अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा छह और कक्षा आठ की छात्राओं से बातचीत की, उनसे पाठ्यपुस्तकों का अध्ययन कराया और विषयों से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक छात्रा की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया जाए और किसी भी छात्रा का ड्रॉपआउट न होने पाए।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय की वार्डन ने भवन में सीलन और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के लगभग सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक