home page

जिलाधिकारी ने उप-पंजीयक कार्यालय का निरीक्षण किया

 | 
जिलाधिकारी ने उप-पंजीयक कार्यालय का निरीक्षण किया


देवरिया, 10 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को उप-पंजीयक कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं, रजिस्ट्री कार्यों और अभिलेखों के रख-रखाव की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय में संचालित रजिस्ट्री कार्यों का अवलोकन किया। विभिन्न पंजिकाओं और अभिलेखों की स्थिति की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अभिलेखों के नियमित संधारण की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी रिकॉर्ड सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखे जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तुरंत उपलब्ध कराया जा सके।

डीएम ने रजिस्ट्री कराने आने वाले नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतीक्षालय, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेकर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को कार्यालय में किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें सम्मानजनक एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक