डीएम और एसएसपी ने संभाला मोर्चा : ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं को बांटे फल
मथुरा, 25 मई (हि.स.)। गंगा दशहरा के पावन पर्व और वर्तमान में चल रहे अधिकमास (पुरुषोत्तम मास) के अवसर पर ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सोमवार को जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने थाना कोसीकलां क्षेत्र के अंतर्गत परिक्रमा मार्ग का सघन निरीक्षण किया और सुरक्षा व जनसुविधाओं का जायजा लिया।
सोमवार को डीएम और एसएसपी ने संयुक्त रूप से परिक्रमा मार्ग पर स्वास्थ्य, सुरक्षा, साफ-सफाई, शेड, बैरियर, लाइटिंग (प्रकाश), भोजन, भंडारा, बैरिकेडिंग, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों और परिक्रमार्थियों की सुगमता व सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है।
स्वास्थ्य कैंप का औचक निरीक्षण; एक्सपायरी दवाएं जांची
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ग्राम गढ़ी भरवारी स्थित स्वास्थ्य शिविर पहुंचे। उन्होंने वहां उपलब्ध दवाओं के स्टॉक और उनकी एक्सपायरी डेट को बारीकी से चेक किया। डॉक्टरों के एंट्री रजिस्टर का अवलोकन करते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य कैंपों में 24 घंटे स्टाफ की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी के कारण यदि किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ती है, तो उसे बिना किसी देरी के तत्काल उत्कृष्ट प्राथमिक उपचार दिया जाए।
परिक्रमार्थियों से की बातचीत, बांटे फल
ग्राम गढ़ी भरवारी में निरीक्षण के दौरान डीएम चन्द्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने खुद आगे बढ़कर परिक्रमार्थियों, पर्यटकों और दर्शनार्थियों को फल वितरित किए। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और उनकी समस्याओं को सुनकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने मातहत पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अपने-अपने तय क्षेत्रों में नियमित रूप से पैदल गश्त (पेट्रोलिंग) करते रहें। सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जाए और माहौल बिगाड़ने वाली अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी के साथ एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, उप जिलाधिकारी (एसडीएम) छाता वैभव गुप्ता, क्षेत्राधिकारी (सीओ) छाता भूषण वर्मा और तहसीलदार छाता समेत अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

