home page

जिलाधिकारी-एसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण, बंदियों से संवाद कर परखीं व्यवस्थाएं

 | 
जिलाधिकारी-एसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण, बंदियों से संवाद कर परखीं व्यवस्थाएं


जौनपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शुक्रवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं नियमानुसार समाधान के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने बंदियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया और कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी बंदियों को निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।अधिकारियों ने जेल चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती बंदियों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था, उपलब्ध दवाओं तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बीमार बंदियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा गंभीर रोगियों की विशेष निगरानी रखी जाए।निरीक्षण के दौरान कारागार परिसर की साफ-सफाई, रसोईघर, भोजन वितरण व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। मीडिया से बात करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि जेल अधीक्षक को निर्देश दिया गया है कि बंदियों के लिए प्रतिदिन योग सिखाते हुए कुछ अलग से गुण सिखाए स्किल डेवलपमेंट जैसे चीजें जेल में करवाए जिससे बंदियों के मनोदशा में परिवर्तन किया जा सके।बाकी सब कुछ सामान्य है।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता, जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव