आईजीआरएस निस्तारण में लापरवाही पर कई अधिकारियों का वेतन हुआ बाधित
सिद्धार्थनगर, 12 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी शिवशनरप्पा जी एन ने एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली के कुछ संदर्भों के निस्तारण में उदासीनता बरतने पर कड़ा रुख अपनाते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित कई अन्य अधिकारियों का जून माह का वेतन बाधित करने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी शिवशनरप्पा जी एन ने शुक्रवार काे उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली के तहत प्राप्त शिकायतों में से कुछ संदर्भों का परीक्षण किया गया। जिसमें तहसील नौगढ़ एवं शोहरतगढ़ के तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार एवं नौ लेखपालों के अलावा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बढ़नी और उसका बाजार द्वारा इन शिकायतों में उदासीनता बरतते हुए शासन द्वारा दिए गए व्यस्था का अनुपालन नहीं किया जा रहा है। आवेदक से संपर्क करने एवं उसे जांच के परिणाम से अवगत कराने का भी कार्य नहीं किया गया है। इन संदर्भों में जांच के दौरान प्राप्त कमियों के आधार पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए माह जून का वेतन बाधित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली पर प्राप्त शिकायतों को शासन द्वारा दिये गये व्यस्था के अनुसार पारदर्शिता तथा गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करने का सख्त निर्देश दिया जा चुका है। इसमें उदासीनता बरतने पर सम्बंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जरूर की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलराम त्रिपाठी

