home page

बांदा : कबाड़ की दुकान लगी भीषण आग, 25 लाख का माल जलकर खाक

 | 
बांदा : कबाड़ की दुकान लगी भीषण आग, 25 लाख का माल जलकर खाक


बांदा, 09 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में दीपावली की रात आतिशबाजी के दौरान बबेरू रोड स्थित कबाड़ की एक दुकान में अचानक आग भड़क उठी। दुकान में रखे प्लास्टिक, कागज और अन्य ज्वलनशील सामान ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

आसमान में उठते धुएं के घने गुबार और आग की ऊंची लपटें देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची दमकल की पांच गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड में दुकान का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। दुकानदार ने 20 से 25 लाख रुपये की आर्थिक क्षति होने का अनुमान जताया है।

जानकारी के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र के बबेरू रोड पर राजेश की कबाड़ की दुकान है। रविवार देर रात करीब 11 बजे दीपावली के जश्न के बीच दुकान में आग लग गई। आसपास पटाखे छोड़े जा रहे थे। इसी दौरान दुकान के भीतर आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। दुकान में भारी मात्रा में प्लास्टिक, कागज और दूसरे ज्वलनशील सामान का भंडारण होने के कारण आग ने तेजी से पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।

दुकान से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें लगातार तेज होती चली गईं। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पांच दमकल गाड़ियों ने मोर्चा संभाला और लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे बाद आग पूरी तरह नियंत्रित हो सकी।

अग्निकांड में दुकान में रखा कबाड़ और अन्य सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार राजेश का कहना है कि आग से करीब 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने दुकान के अंदर जलता हुआ पटाखा फेंक दिया, जिससे आग लगी होगी।

क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि 08 नवंबर को बबेरू रोड स्थित राजेश की कबाड़ की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब दो घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह