जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
देवरिया, 29 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का बाह्य मासिक निरीक्षण बुधवार को किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में रखी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने फायर सेफ्टी, गार्ड की तैनाती, डबल लॉक व्यवस्था और सीलन जैसी व्यवस्थाओं को विशेष रूप से जांचा और निर्देश दिया कि सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। गार्डों को हमेशा सतर्क रहने और अग्निशमन यंत्रों को पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही वेयरहाउस में नमी या सीलन न हो, इस पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, निर्वाचन विभाग के अधिकारी विजय पाण्डेय, निर्मल सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

