home page

बंदरों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुरादाबाद में बनेगी जिला स्तरीय टास्क फोर्स

 | 
बंदरों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुरादाबाद में बनेगी जिला स्तरीय टास्क फोर्स


-जिलाधिकारी ने रामगंगा तटीय क्षेत्र में प्राकृतिक आवास विकसित करने के दिए निर्देश

मुरादाबाद, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में बंदरों के कारण आमजन को हो रही समस्याओं के स्थायी एवं वैज्ञानिक समाधान के संबंध में विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि बंदरों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुरादाबाद में जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन होगा। बैठक में नगर निगम, वन विभाग, उद्यान विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों, प्रकृति संरक्षण से जुड़े स्वयंसेवी संगठनों तथा विशेषज्ञों के साथ कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि बंदरों की समस्या का समाधान केवल अस्थायी उपायों से नहीं, बल्कि दीर्घकालिक एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर किया जाना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि शासनादेशों एवं विधिक प्रावधानों का पालन करते हुए वन विभाग और नगर निगम संयुक्त रूप से समन्वित कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई करें।

जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि रामगंगा नदी के तटीय क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का व्यापक रोपण कराया जाएगा, जिससे बंदरों के लिए प्राकृतिक भोजन एवं आवास की व्यवस्था विकसित हो सके और उन्हें उनके प्राकृतिक परिवेश में सुरक्षित रूप से स्थानांतरित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

उन्होंने निर्देश दिए कि बंदरों के संरक्षण एवं आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। इस टास्क फोर्स में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण एवं वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर प्रभावी एवं व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य वन्यजीवों का संरक्षण और आमजन की सुरक्षा-दोनों के बीच संतुलन स्थापित करना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करें तथा वैज्ञानिक, मानवीय एवं पर्यावरणीय दृष्टिकोण अपनाते हुए स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाएं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगीता गौतम और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शक्ति दुबे सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल