home page

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिविर में लोगों को दी गई कानूनी जानकारियां

 | 
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिविर में लोगों को दी गई कानूनी जानकारियां


फर्रुखाबाद, 22 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में फतेहगढ़ स्थित ऑफिसर्स क्लब परिसर में रविवार को ‘मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में किया गया, जिसका उद्देश्य आमजन को न्याय और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था।

शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश पंकज कुमार, जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय और अधिकारों की जानकारी पहुंचाना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसे शिविरों के माध्यम से जरूरतमंदों को निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलती है, जिससे वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें।

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि शासन की मंशा है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और समयबद्ध ढंग से मिले। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आई समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनसेवा है और ऐसे शिविर आमजन व प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ा है। उन्होंने महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और कमजोर वर्गों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। साथ ही साइबर अपराध, घरेलू हिंसा और महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

शिविर में राजस्व, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, स्वास्थ्य, पुलिस विभाग, बैंकिंग संस्थान सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। पात्र लाभार्थियों के आवेदन स्वीकार किए गए और कई लोगों को मौके पर ही प्रमाण पत्र, पेंशन स्वीकृति पत्र व अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।

इसके अतिरिक्त निःशुल्क विधिक परामर्श, लोक अदालत की जानकारी, आपसी सुलह-समझौते के विकल्प, घरेलू हिंसा, पारिवारिक व श्रम विवाद तथा भूमि संबंधी मामलों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। शिविर में ग्रामीण व शहरी क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योजनाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम के अंत में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रियंका गांधी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक न्याय और शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar