home page

सीएम योगी आदित्यनाथ के विजन से पूर्वी यूपी में श्वेत क्रांति को नई उड़ान

 | 
सीएम योगी आदित्यनाथ के विजन से पूर्वी यूपी में श्वेत क्रांति को नई उड़ान


सीएम योगी आदित्यनाथ के विजन से पूर्वी यूपी में श्वेत क्रांति को नई उड़ान


गोरखपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन से पूर्वी उत्तर प्रदेश में श्वेत क्रांति को नई उड़ान मिली है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत और नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के सहयोग से गठित श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (एमपीओ) ने अपनी स्थापना के तीन साल के भीतर ही उत्साहजनक परिणाम दिए हैं।

इस एमपीओ ने लगातार दूसरे वर्ष दीपावली के अवसर पर पात्र महिला शेयरहोल्डर्स को 1.04 करोड़ रुपये का मुनाफा वितरित किया है। इसमें 72,01,786 रुपये निष्ठा प्रोत्साहन राशि के रूप में और 32,31,936 रुपये लाभांश के रूप में दिए गए हैं। यह धनराशि दुग्ध आपूर्ति के जरिए महिला सदस्यों को होने वाली नियमित आमदनी के अतिरिक्त एमपीओ के शुद्ध लाभ में से वितरित की गई है।

श्री बाबा गोरखनाथ एमपीओ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) धनराज साहनी के अनुसार, तीन साल के भीतर ही गोरखपुर मंडल सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के सात जनपदों की 79 हजार महिलाएं इससे जुड़कर अपनी आर्थिकी मजबूत कर रही हैं। एमपीओ का अब तक का टर्नओवर 400 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। संस्था से जुड़ी महिलाएं प्रतिदिन 1.60 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह करती हैं। एमपीओ से जुड़ी करीब 6,800 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इनमें से 282 ऐसी लखपति दीदी हैं, जो लगातार तीन वर्षों से 10 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर रही हैं। लखपति दीदियों के अलावा एमपीओ से जुड़ी अन्य महिलाएं भी औसतन प्रतिमाह सात से आठ हजार रुपये की आय घर बैठे प्राप्त कर रही हैं।

इस एमपीओ का कार्यक्षेत्र गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ और संतकबीरनगर है। एमपीओ से जुड़कर महिलाएं पशुपालन, दूध उत्पादन और दूध की नियमित आपूर्ति के जरिए स्वयं आत्मनिर्भर बन रही हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में अपनी भागीदारी मजबूत कर रही हैं।

इस बार दीपावली के अवसर पर वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पात्र महिला शेयरहोल्डर्स को 72,01,786 रुपये निष्ठा प्रोत्साहन राशि के रूप में और 32,31,936 रुपये शेयर पूंजी पर लाभांश के रूप में दिए गए। यह धनराशि उनके बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर की गई है। निष्ठा प्रोत्साहन राशि महिलाओं को कारोबार में उनके योगदान के आधार पर दी गई, जबकि इक्विटी शेयर पर आठ रुपये प्रति शेयर की दर से लाभांश दिया गया। इस एमपीओ के प्रति शेयर का अंकित मूल्य 100 रुपये है और 4,03,992 इक्विटी शेयरों के सापेक्ष लाभांश वितरित किया गया है।

सीईओ का कहना है कि तीन साल में ही एमपीओ ने लगातार दूसरी बार सदस्य महिलाओं के साथ मुनाफा साझा करने में कामयाबी हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और उनकी प्रेरणा का परिणाम है। मुख्यमंत्री के दूरदर्शी दृष्टिकोण के कारण ही आज ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय