कम समय में होने वाले प्रसव पर चिकित्सकों की गहन चर्चा
मुरादाबाद आब्सटेट्रिक्स एंड गाइनेकोलाजिकल समिति की बैठक सम्पन्न
मुरादाबाद, 07 मई (हि.स.)। मुरादाबाद आब्सटेट्रिक्स एंड गाइनेकोलाजिकल समिति ने राष्ट्रीय संगठन फाक्स के सहयोग से कम समय में होने वाले प्रसव (प्री-टर्म डिलीवरी) के विषय पर गुरुवार को एक विशेष वैज्ञानिक बैठक आयोजित की। कार्यक्रम को अधुना नाम दिया गया है, जिसका उद्देश्य मातृ एवं नवजात शिशु देखभाल को साक्ष्य-आधारित दृष्टिकोण से मजबूत बनाना है।
कार्यक्रम में बाहरी विशेषज्ञ चिकित्सकों के रूप में डा. अर्चना वर्मा और डा. ईशा खानुजा ने भाग लिया।
चर्चा के दौरान मुख्य रूप से इस बात पर विचार किया गया कि समय से पहले होने वाली डिलीवरी को कैसे रोका जाए। साथ ही, यदि ऐसी स्थिति उत्पन्न हो जाए तो किन सावधानियों का पालन किया जाना चाहिए और कम वजन व समय से पहले जन्मे शिशुओं की देखभाल किस प्रकार की जाए। इस परियोजना के सफल आयोजन में समिति की अध्यक्ष डा. रितिका अग्रवाल, सचिव डा. सोनम रस्तोगी और कोषाध्यक्ष डा. रिचा अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। बैठक के दौरान सभी चिकित्सकों ने मदर्स डे के उपलक्ष्य में शुभकामनाएं भी दीं।
इसके साथ ही मुरादाबाद समिति की ओर से वामिका परियोजना का भी शुभारंभ किया गया, जो महिलाओं के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित की जाएगी। यह परियोजना वरिष्ठ चिकित्सक डा. प्रगति गुप्ता के मार्गदर्शन में संचालित होगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ महिला चिकित्सकों में डा. अर्चना अग्रवाल, डा. रेखा अग्रवाल, डा. पद्मजा गुप्ता, डा. अनीता रस्तोगी, डा. पायल पुरी, डा. शरद, डा. सुदीप कौर, डा. केजी गुप्ता, डा. प्रीति गुप्ता, डा. शेफाली सिंह, डा. बबीता गुप्ता सहित अनेक विशेषज्ञ उपस्थित रहे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

