फसल क्षति से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराएं : मुख्य सचिव
आपदा प्रबन्धन की 31 परियोजनाओं के लिए 410.00 करोड़ रुपये स्वीकृत
लखनऊ, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न विभागों की 31 परियोजनाओं हेतु 410.00 करोड़ रुपये धनराशि स्वीकृत की गई।
मुख्य सचिव ने सभी प्रस्तावित परियोजनाओं को अनुमोदन प्रदान करते हुए उनके शीघ्र एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए, ताकि राज्य में आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ की जा सकें।
उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग समयबद्ध तरीके से परियोजनाओं को धरातल पर उतारना सुनिश्चित करें। उन्होंने असमय आने वाली प्राकृतिक आपदाओं के प्रति पूरी तैयारी रखने पर विशेष बल दिया, ताकि आम जनमानस को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। साथ ही, बेमौसम बारिश के कारण फसल क्षति से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
स्वीकृत परियोजनाओं में मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए 34.75 करोड़ रुपये, अयोध्या में बाढ़ शरणालय के निर्माण हेतु 0.1931 करोड़ रुपये तथा वाराणसी के घाटों पर फ्लोटिंग बैरियर निर्माण के लिए 5.28 करोड़ रुपये शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, बाढ़ प्रभावित 44 जनपदों की तहसीलों में रबराइज्ड मोटर बोट की खरीद के लिए 40.00 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। विद्यालयों में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण और आम जनमानस को जागरूक करने तथा ग्राम स्तर पर आपदा प्रबंधन योजनाएं तैयार करने के लिए 43.45 करोड़ रुपये की योजनाएं भी अनुमोदित की गईं। डूबने से होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से ‘बाल तरणवीर’ कार्यक्रम के लिए 7.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, नगर निगम कार्मिकों के प्रशिक्षण हेतु 5.18 करोड़ रुपये, नागरिक सुरक्षा विभाग के स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण हेतु 14.62 करोड़ रुपये तथा होमगार्ड्स को आपदा परिस्थितियों में बचाव कार्यों के लिए प्रशिक्षित करने हेतु 8.23 करोड़ रुपये की योजनाओं को भी मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक की शुरुआत में प्रमुख सचिव (राजस्व) अपर्णा यू. ने आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न विभागों की इन 31 परियोजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण समिति के समक्ष रखा ।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

