ट्रक की टक्कर से ट्राई साइकिल सवार दिव्यांग की मौत
कानपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मठ पंप के पास सोमवार देर शाम तेज रफ्तार ट्रक ने ट्राई साइकिल से जा रहे दिव्यांग पान विक्रेता को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने कानपुर सागर हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान शास्त्री नगर निवासी कल्लू (45)के रूप में हुई है। वह पैर से दिव्यांग था और नगर में पुरानी चौकी के पास पान की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। देर शाम वह ट्राई साइकिल से घाटमपुर मंडी की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी ट्राई साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही कल्लू सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर चीख-पुकार मच गई।
हादसे से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने कानपुर सागर हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची घाटमपुर पुलिस ने लोगों को समझाकर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम खुलवाया जा सका।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल ट्रक और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना की जांच कर रही है।
घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि सड़क हादसे में दिव्यांग की मौत हुई है। परिजनों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

